Home उत्तर प्रदेश 30 हजार का इनामी हत्यारा पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी...

30 हजार का इनामी हत्यारा पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

SIDHARTHNAGAR NEWS: जनपद सिद्धार्थनगर में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी और 30 हजार रुपये का इनामी बदमाश मुकेश निषाद पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना 23 अगस्त 2025 को मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के नागचौरी गांव में हुई थी। मुकेश निषाद ने गणेश निषाद, उसके माता-पिता और बहन पर धारदार हथियार और तमंचे से हमला कर दिया था। इस हमले में गणेश के पिता रामकला निषाद और माता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गणेश और उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने तत्काल एक टीम का गठन किया। पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती ने आरोपी पर 30,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया था। पुलिस की एसओजी और मिश्रौलिया थाने की संयुक्त टीम को 30/31 अगस्त की रात नौडिहवा जंगल तिराहा पर आरोपी के होने की सूचना मिली। टीम ने जब मुकेश को घेरने की कोशिश की, तो उसने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में मुकेश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध देशी तमंचा, जिंदा और खाली कारतूस, हत्या में इस्तेमाल किए गए दो चाकू, एक मोटरसाइकिल और 900 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपी मुकेश ने बताया कि उसका गणेश की बहन से प्रेम प्रसंग था। गणेश के परिवार के विरोध के कारण उसने इस घटना को अंजाम दिया। घटना को अंजाम देने के बाद वह फरार हो गया था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के कारण पकड़ा गया। इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर ने पुलिस टीम को 25,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।