Home उत्तर प्रदेश 3 से 5 अप्रैल तक परेड ग्राउंड में सजेगा तीन दिवसीय बलरामपुर...

3 से 5 अप्रैल तक परेड ग्राउंड में सजेगा तीन दिवसीय बलरामपुर महोत्सव

संस्कृति और मनोरंजन का होगा संगम

BALRAMPUR NEWS: कमाल खान (ब्यूरो प्रमुख) जनपद में आगामी बलरामपुर महोत्सव के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारी बैठक आयोजित की गई। इस दौरान अध्यक्ष नगर पालिका बलरामपुर श्री धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू मौजूद रहें। बैठक में डीएम ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा सभी तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अवगत कराया गया कि 3 अप्रैल से 05 अप्रैल तक परेड ग्राउंड, बलरामपुर में बलरामपुर महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जनपद की समृद्ध संस्कृति, कला, हस्तशिल्प, पर्यटन एवं स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा। महोत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लोक कलाओं और मनोरंजन गतिविधियों के माध्यम से जनपद की सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि महोत्सव को जनपद की पहचान से जोड़ते हुए इसे “संस्कृति, पर्यटन और स्थानीय प्रतिभाओं के उत्सव” के रूप में आयोजित किया जाए, ताकि जनपद की सकारात्मक छवि को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत किया जा सके।
महोत्सव की प्रमुख विशेषताएं
महोत्सव के दौरान प्रतिदिन भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। बॉलीवुड नाइट्स में एवं प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुति रहेगी। जनपद की लोक कला, लोकगीत एवं पारंपरिक नृत्य की विशेष प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। स्थानीय हस्तशिल्प, स्वयं सहायता समूहों एवं ओडीओपी उत्पादों की प्रदर्शनी व बिक्री हेतु विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष फूड कोर्ट एवं किड्स जोन की व्यवस्था की जाएगी। युवाओं के लिए खेल एवं प्रतिभा प्रदर्शन से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव में स्थानीय कलाकारों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भी मंच प्रदान किया जाएगा। पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की झलक भी प्रदर्शित की जाएगी।
व्यवस्थाओं के लिए दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि महोत्सव स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि महोत्सव में आने वाले नागरिकों एवं बाहर से आने वाले अतिथियों को बेहतर अनुभव प्रदान करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। जिलाधिकारी ने कहा कि बलरामपुर महोत्सव जनपद की सांस्कृतिक विरासत, प्रतिभाओं और पर्यटन संभावनाओं को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए इसे भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जाए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्री हिमांशु गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मुकेश रस्तोगी, जिला विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी व व्यापार मंडल के पदाधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी / कर्मचारीगण उपस्थित रहे।