Home उत्तर प्रदेश 3 दिन से लापता दो वर्षीय मासूम का शव घर से 50...

3 दिन से लापता दो वर्षीय मासूम का शव घर से 50 मीटर दूर गड्ढे में मिला, परिजनों में मचा कोहराम

7
0

बारा (प्रयागराज)। प्राप्त समाचार के अनुसार बारा थाना क्षेत्र के गन्ने चैकी अंतर्गत गन्ने पहाड़ी बस्ती में तीन दिन से लापता चल रही दो वर्षीय मासूम बच्ची का शव गुरुवार दोपहर घर से लगभग 50 मीटर दूर एक गड्ढे में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के त्यौंथर के कटरा क्षेत्र निवासी रवि कुमार की पत्नी नीलम अपनी दो वर्षीय बेटी संध्या के साथ रिश्तेदारी में निमंत्रण पर गन्ने पहाड़ी बस्ती आई हुई थीं। वे अपने रिश्तेदार प्रेमचंद्र के घर ठहरी थीं। बताया गया कि सोमवार दोपहर करीब 3 बजे संध्या घर के बाहर खेल रही थी, तभी अचानक वह लापता हो गई। काफी देर तक जब बच्ची नजर नहीं आई तो परिजनों ने आसपास खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों ने तत्काल मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी, जिसके बाद गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू कर दी थी। बच्ची के पिता रवि कुमार ने बताया कि जिस स्थान पर शव मिला है, वहां परिजनों और ग्रामीणों ने पिछले दो दिनों से कई बार तलाश की थी, लेकिन उस समय वहां कुछ दिखाई नहीं दिया।
गुरुवार दोपहर बस्ती की ही एक बच्ची ने गड्ढे में शव जैसा कुछ देखा और शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि लापता मासूम संध्या का शव गड्ढे में पड़ा हुआ है। यह दृश्य देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में सहायक पुलिस आयुक्त बारा वेद व्यास मिश्रा ने बताया कि सोमवार को बच्ची की गुमशुदगी दर्ज की गई थी और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इलाके में ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी कराई गई थी, लेकिन उस समय कोई सुराग नहीं मिला।
उन्होंने बताया कि गुरुवार को बस्ती के एक गड्ढे से बच्ची का शव बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उधर मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने मामले की गहन जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।