MIRZAPUR NEWS: (शाहिद वारसी) रमजानुल मुबारक के मौके पर सोमवार देर रात शहर के मोहल्ला कुरैश नगर स्थित मस्जिद में 27वीं रमजान की मुबारक रात को तरावीह की नमाज मुकम्मल हुई। इस दौरान हाफिज व कारी जावेद ने तरावीह पढ़ाकर पूरा कुरान पाक मुकम्मल कराया। तरावीह पूरी होने के बाद मस्जिद में मौजूद लोगों ने हाफिज को फूल-मालाएं पहनाकर मुबारकबाद दी और मुसाफा कर खुशी का इजहार किया। इसके बाद कारी जावेद साहब ने आलम-ए-इस्लाम के साथ-साथ देश में अमन, भाईचारा और खुशहाली के लिए खास दुआ की। इस मौके पर शहर मुफ्ती मौलाना अब्दुल खालिक और काजी-ए-मीरजापुर मौलाना नजम ने तकरीर करते हुए तरावीह और 27वीं रमजान की शबे कद्र रात की अहमियत पर रोशनी डाली। कार्यक्रम के दौरान मस्जिद को बेहद खूबसूरत तरीके से सजाया गया था। इस मौके पर मोहम्मद इस्माइल, हाफिज शाहनवाज, फिरदौस, हाजी मोहम्मद अकरम, हाजी अबरार, नूर अली, कासिम अली,जुल्फेकार और आसिफ अली सहित मोहल्ले के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। तरावीह खत्म होने के बाद लोगों में लड्डू, बालूशाही और कोल्ड ड्रिंक सहित अन्य मिठाइयां बांटी गईं। इस अवसर पर मोहल्ले के सभी लोग और जिम्मेदार नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।







