JAUNPUR NEWS: मीरगंज और मछलीशहर थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी अंतर्जनपदीय गौ-तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में दबोच लिया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना 22 मार्च की रात करीब 10:45 बजे की है, जब मीरगंज पुलिस गोधना बाजार में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि बंधवा बाजार की तरफ से दो बदमाश बाइक से भाग रहे हैं, जिनका पीछा मछलीशहर पुलिस कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने चौकी खुर्द क्षेत्र में घेराबंदी कर दी। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायर किया, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान आरिफ (32) निवासी लमहन, थाना महाराजगंज के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 0.315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और हीरो सुपर स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार आरिफ पर जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, पशु तस्करी, आर्म्स एक्ट समेत 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह मीरगंज और मछलीशहर थानों में दर्ज कई मामलों में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजते हुए उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।







