LAKHIMPUR KHERI NEWS: फूलबेहड़ पुलिस ने थाना क्षेत्र में बीती रात हुई चोरी की घटनाओं का 24 घंटे के भीतर खुलासा किया है। पुलिस ने इस संबंध में दो आरोपियों को चोरी के माल सहित गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक खीरी के निर्देश पर चलाए जा रहे वांछित/वारंटी अपराधी गिरफ्तारी अभियान के तहत की गई।थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने 8 नवंबर 2025 को दोपहर करीब 3:00 बजे जानकारी देते हुए बताया कि 7 नवंबर की रात को थाना क्षेत्र के श्रीनगर गांव में अलग-अलग स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया था। पुलिस टीम ने प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व और उपनिरीक्षक अशोक कुमार यादव की अगुवाई में कार्रवाई की। टीम ने ग्राम श्रीनगर से दो अभियुक्तों, अनूप कुमार तिवारी (35 वर्ष) पुत्र रामकुमार तिवारी और सुनील (20 वर्ष) पुत्र झब्बूलाल बाल्मीकि को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी ग्राम श्रीनगर, थाना फूलबेहड़, जनपद खीरी के निवासी हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से चोरी का सामान बरामद किया गया, जिसमें एक साइकिल, एक छोटा टुल्लू पंप मोटर, एक नल, क्राम्पटन कंपनी का एक बड़ा मोटर, एक एलसीडी टीवी, दो बैटरियां और विभिन्न बर्तन शामिल हैं। यह सभी सामान थाना फूलबेहड़ में दर्ज कुल 7 अभियोगों (मु0अ0सं0 591/25 से 597/25 व 109/25) से संबंधित हैं।प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेशी हेतु भेजा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक खीरी ने इस कार्य के लिए टीम की प्रशंसा की है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक अशोक कुमार यादव, उपनिरीक्षक श्रवण कुमार, कांस्टेबल बलवीर सिंह, राहुल कुमार जानीवाल, सुनील कुमार और एम0एल0यू0 अर्जुन गौतम शामिल थे।







