FATEHPUR NEWS: थाना खागा पुलिस ने दुकान का ताला तोड़कर चोरी और नकबजनी की घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी, घटना में प्रयुक्त सब्बल, बिना नंबर प्लेट की स्कूटी तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार 22 जुलाई को पुरइन गांव निवासी हंसराज यादव ने थाना खागा में तहरीर देकर बताया था कि 21/22 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान का शटर तोड़कर नकदी चोरी कर ली। साथ ही उनकी दुकान के सामने स्थित राजेन्द्र शास्त्री की दुकान का भी ताला चोरी की नीयत से तोड़ दिया गया था। तहरीर के आधार पर थाना खागा में मुकदमा संख्या 277/2026 धारा 331(2) एवं 305(ए) बीएनएस के तहत अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खागा के पर्यवेक्षण में थाना खागा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। सुरागरसी, पतारसी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गुरुवार को अकोढ़िया मोड़ के पास से घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजीव चमार पुत्र स्वर्गीय नाहर सिंह निवासी पटेल नगर थाना रामादेवी जनपद कानपुर नगर, राहुल गौतम पुत्र रमेश निवासी भदवा थाना कोखराज जनपद कौशांबी तथा राहुल कुमार सरोज पुत्र दिनेश कुमार सरोज निवासी गिरधरपुर थाना कोखराज जनपद कौशांबी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 1,340 रुपये, वारदात में प्रयुक्त एक सब्बल, बिना नंबर प्लेट की एक स्कूटी तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी भी की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्कूटी से कानपुर की ओर जा रहे थे। रास्ते में स्कूटी में पेट्रोल कम हो गया और उनके पास पैसे नहीं थे। इसी कारण उन्होंने पुरइन बाजार में एक परचून की दुकान और एक बेकरी का शटर सब्बल से तोड़ दिया। परचून की दुकान से उन्हें कुछ नहीं मिला, जबकि बेकरी की दुकान से 1,340 रुपये चोरी कर लिए, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राहुल कुमार सरोज के विरुद्ध थाना कोखराज, जनपद कौशांबी में वर्ष 2019 का मारपीट एवं धमकी से संबंधित एक मुकदमा पहले से दर्ज है, जबकि संजीव चमार और राहुल गौतम के विरुद्ध वर्तमान प्रकरण ही दर्ज पाया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में मझिलगांव चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दिनेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक प्रभाष चन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल आत्माराम मिश्रा, कांस्टेबल राजेश सिंह तथा कांस्टेबल सुजीत शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई है।







