भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह, जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव की अगुवाई में तैयारी तेज
कई स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम, होटल रामेडियन में होगा समापन
FATEHPUR NEWS: राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष पद पर नियुक्त होने के बाद साध्वी निरंजन ज्योति का 23 मार्च को जनपद में प्रथम आगमन प्रस्तावित है। इस अवसर को लेकर भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
शुक्रवार को भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव की अगुवाई में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्वागत कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। बैठक में बताया गया कि जहानाबाद के चिल्ली चौराहे से भव्य स्वागत यात्रा की शुरुआत होगी, जो विभिन्न प्रमुख स्थानों से होते हुए शहर के होटल रामेडियन में संपन्न होगी। जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कहा कि जिले की पूर्व सांसद को राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया जाना पूरे जनपद के लिए गौरव की बात है। उन्होंने महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ता इस अवसर को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी तैयारी में जुटे हैं। जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण सिंह ने जानकारी दी कि स्वागत कार्यक्रम की जिम्मेदारियां विभिन्न मंडलों और पदाधिकारियों को सौंपी गई हैं। जहानाबाद, बिंदकी और सदर विधानसभा क्षेत्रों में स्वागत स्थलों का चिन्हांकन कर विस्तृत योजना तैयार कर ली गई है। स्वागत यात्रा के दौरान चिल्ली मोड़, जहानाबाद बस स्टॉप, तेजा नगर चौराहा, बकेवर, खजुहा, ललौली चौराहा (बिंदकी), पनई चौराहा, मलवां पुल, मेडिकल कॉलेज के सामने, नउवाबाग और कर्पूरी ठाकुर चौराहे सहित कई स्थानों पर कार्यकर्ता स्वागत करेंगे। बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा, पुष्पराज पटेल, नीरज सिंह, उदय लोधी, अपर्णा सिंह गौतम, अर्चना त्रिपाठी, कुलदीप भदौरिया, प्रवीण सिंह, पुष्पा पासवान, सुशीला मौर्या सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने 23 मार्च को भव्य और ऐतिहासिक स्वागत करने का संकल्प लिया।







