Home उत्तर प्रदेश 23 साइबर ठगों की गिरफ्तारी पर विधायक ने सराहा झाँसी पुलिस का...

23 साइबर ठगों की गिरफ्तारी पर विधायक ने सराहा झाँसी पुलिस का अभियान

अपराधियों के लिए साफ संदेश—कानून से बचना संभव नहीं: विधायक रवि शर्मा

JHANSI NEWS: साइबर अपराध के खिलाफ झाँसी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे प्रभावी अभियान के तहत 8 अगस्त 2026 को थाना कटेरा क्षेत्र के काडौर, खौरियाना एवं मौरियाना गांवों में दबिश देकर साइबर ठगी में संलिप्त 23 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई की झाँसी सदर विधायक रवि शर्मा ने सराहना करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं पूरी टीम को बधाई दी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 120 मोबाइल फोन, 35 डेबिट कार्ड, 20 आधार कार्ड, 4 वोटर आईडी, एक लैपटॉप, एक टैबलेट, 29 बैंक पासबुक और 13 बैंक कार्ड बरामद किए गए। इसके अलावा पुलिस ने 284 ग्राम पीली धातु, 1,408 ग्राम सफेद धातु तथा 9 लाख 20 हजार 510 रुपये की नकदी भी बरामद की थी। विधायक रवि शर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी को भेजे पत्र में पुलिस की कार्रवाई को सराहनीय, प्रभावी एवं जनहित में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध वर्तमान समय में समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। संगठित अपराधियों के नेटवर्क का पता लगाकर उनकी गिरफ्तारी करना आमजन के विश्वास और सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस की उल्लेखनीय उपलब्धि है। विधायक ने सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को हार्दिक बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि इसी प्रकार साइबर अपराध, संगठित अपराध, धोखाधड़ी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी प्रभावी एवं कठोर रूप से जारी रहेगा। झाँसी पुलिस ने विधायक के प्रोत्साहन एवं विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि साइबर अपराध सहित अन्य अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।