FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की जनपद इकाई ने गुरुवार को जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन कर शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। धरने के बाद संगठन ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित 22 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से सौंपा। धरने को संबोधित करते हुए शिक्षक नेताओं ने कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों का समाधान न होने से शिक्षकों में असंतोष व्याप्त है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन को और तेज करेगा। ज्ञापन में प्रमुख रूप से पुरानी पेंशन व्यवस्था (ओपीएस) की बहाली, अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों का राजकीयकरण, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग अधिनियम-2023 में शिक्षकों के हितों से जुड़ी व्यवस्थाओं को पूर्ववत लागू करने तथा वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों के लिए सेवा नियमावली एवं मानदेय व्यवस्था लागू करने की मांग की गई। संगठन ने ऑनलाइन स्थानांतरण व्यवस्था लागू करने, वर्षों से रिक्त प्रधानाचार्य पदों पर नियमित चयन प्रक्रिया शुरू करने तथा टीजीटी शिक्षकों का पदनाम सहायक प्रवक्ता किए जाने की भी मांग उठाई। इसके अलावा विषय विशेषज्ञ शिक्षकों को पुरानी पेंशन का लाभ देने, अंशकालिक व्यावसायिक शिक्षकों को पूर्णकालिक दर्जा प्रदान करने, चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान समयबद्ध ढंग से देने तथा आउटसोर्सिंग के माध्यम से हो रही नियुक्तियों पर रोक लगाकर नियमित भर्ती करने की मांग भी की गई। ज्ञापन में महिला शिक्षिकाओं के लिए मासिक धर्म अवकाश, अर्जित अवकाश की व्यवस्था, लंबित एरियर का ऑनलाइन भुगतान, एनपीएस अंशदान समय पर जमा कराने, जर्जर विद्यालय भवनों के सुधार के लिए बजट उपलब्ध कराने, बोर्ड परीक्षा पारिश्रमिक को सीबीएसई के समान करने, सेवा संबंधी सभी कार्य मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन संचालित करने, दिव्यांग शिक्षकों को गृह जनपद में नियुक्ति देने, विकलांग भत्ते की समान दर लागू करने तथा नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप प्रत्येक माह के द्वितीय एवं चतुर्थ शनिवार को अवकाश घोषित करने की भी मांग शामिल रही। शिक्षक नेताओं ने कहा कि उनकी मांगें केवल शिक्षकों के हित तक सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सरकार से इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। धरना-प्रदर्शन में संगठन मंत्री जुनैद सिद्दीकी, आय-व्यय निरीक्षक रामबाबू गौरिया, मीडिया प्रभारी अमित कुमार पटेल सहित उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।







