Home उत्तर प्रदेश 19 किक मारने वाला अधिवक्ता हत्याकांड का दूसरा आरोपी भोर 4 बजे...

19 किक मारने वाला अधिवक्ता हत्याकांड का दूसरा आरोपी भोर 4 बजे पुलिस से भिड़ा

मुठभेड़ में दोनों पैर में लगी गोली, हुआ गिरफ्तार

MIRZAPUR NEWS:  (तारिक अनवर) 11 अप्रैल को हुए चर्चित अधिवक्ता हत्याकांड में पुलिस ने फरार चल रहे दूसरे आरोपी इंद्रासन बिंद को सोमवार भोर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया गया। उसे उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस के अनुसार, तड़के करीब चार बजे एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कटरा क्षेत्र के सोनवर्षा इलाके में चंद्रदीपा के पास घेराबंदी की थी। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे गोली मारकर घायल कर दिया और मौके से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। गौरतलब है कि 11 अप्रैल को दिनदहाड़े बदमाशों ने एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद भागते समय आरोपियों की बाइक स्टार्ट नहीं हो रही थी। इस दौरान इंद्रासन बिंद ने 19 बार किक मारने की कोशिश की, जबकि उसके साथी राजेंद्र सोनकर ने किसी तरह बाइक स्टार्ट कर दोनों मौके से फरार हो गए थे। इससे पहले पुलिस मुख्य आरोपी राजेंद्र सोनकर को भी घटना वाले दिन ही 14 घंटे के भीतर मुठभेड़ में गिरफ्तार कर चुकी है, जिसमें उसके भी दोनों पैरों में गोली लगी थी। इस कार्यवाही में कटरा थाना प्रभारी निरीक्षक वैद्यनाथ सिंह की अहम भूमिका रही।