SIDHARTHNAGAR NEWS: बुधवार को उप-मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने लखनऊ से वर्चुअली और स्थानीय स्तर पर सांसद जगदंबिका पाल तथा विधायक जय प्रताप सिंह ने 19 करोड़ रुपये की लागत से डुमरियागंज में ड्रग वेयर हाउस, नौगढ़ में पब्लिक हेल्थ लैब, तथा खेसरहा व बांसी बसन्तपुर में 50 शैय्या फील्ड हास्पिटल सहित चार महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जिससे आकांक्षी जनपद में स्वास्थ्य सुविधाओं का बड़ा विस्तार हुआ। इस अवसर पर विधायक डुमरियागंज प्रतिनिधि जहीर अहमद, मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया उपस्थित रहे। सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि आकांक्षी ब्लॉक खेसरहा को 50 शैय्या अस्पताल मिलने से लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में वरदान साबित होगा, वहीं विधायक जय प्रताप सिंह ने कहा कि कोविड के दौरान आई चुनौतियों को देखते हुए यह कदम मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में सहायक होगा। मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने सभी चिकित्सा अधिकारियों और आशा कार्यकर्ताओं को गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।







