Home उत्तर प्रदेश 18 मार्च को आईटीआई में लगेगा वृहद रोजगार मेला, एडीएम (न्यायिक) ने...

18 मार्च को आईटीआई में लगेगा वृहद रोजगार मेला, एडीएम (न्यायिक) ने प्रचार रथ को दिखाई हरी झंडी

जिला कार्यकारिणी समिति की बैठक में तैयारियों की समीक्षा, ग्राम पंचायत स्तर तक प्रचार-प्रसार के निर्देश
FATEHPUR NEWS:  कलक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में सोमवार को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुनील कुमार की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन की जिला कार्यकारिणी समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में 18 मार्च 2026 को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), फतेहपुर में आयोजित होने वाले एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले की तैयारियों, आयोजन और प्रचार-प्रसार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में एडीएम (न्यायिक) सुनील कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि रोजगार मेले के सफल आयोजन के लिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें और सभी तैयारियां समय से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि मेले में आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले की जानकारी अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर तक विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा आयोजित वृहद रोजगार मेले के प्रचार-प्रसार के लिए अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने हरी झंडी दिखाकर प्रचार रथ को रवाना किया, जो जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर युवाओं को रोजगार मेले की जानकारी देगा। बैठक में अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, उपायुक्त जिला उद्योग केन्द्र, सहायक श्रमायुक्त, प्रधानाचार्य आईटीआई, जिला समन्वयक कौशल विकास मिशन, प्रबंधक लीड बैंक, उपायुक्त एनआरएलएम सहित सहायक निदेशक (सेवायोजन) सी.के. सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।