KUSHINAGAR NEWS: कप्तानगंज थाना क्षेत्र के रामकोला इलाके में एक 17 वर्षीय छात्र के लापता होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पगार कोइरी टोला निवासी मार्कंडेय प्रसाद का पुत्र अंकित गौतम बीते 30 जून से लापता है। परिजनों और पुलिस को अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। जानकारी के अनुसार अंकित कप्तानगंज के एक निजी विद्यालय में कक्षा 10वीं का छात्र है। सोमवार सुबह वह रोज की तरह सुबह 8 बजे स्कूल के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में मिश्रौली बाजार के पास उसकी साइकिल पंचर हो गई। उसने साइकिल पास के एक मित्र दिनेश के यहां छोड़ी और यह कहते हुए चला गया कि वह स्कूल जा रहा है। लेकिन स्कूल प्रबंधन ने बताया कि अंकित उस दिन स्कूल नहीं पहुंचा और वह अनुपस्थित रहा। जब दो दिनों तक वह रिश्तेदारों में भी नहीं मिला तो पिता मार्कंडेय प्रसाद ने खोटही पुलिस चौकी में इंस्पेक्टर मनोज द्विवेदी को लिखित शिकायत दी।परिवार का कहना है कि अंकित का इस तरह लापता हो जाना बेहद संदिग्ध है। परिजनों ने आशंका जताई है कि यह अपहरण का मामला हो सकता है, या फिर कोई अनहोनी। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि अंकित कहीं चला गया हो, लेकिन उसकी उम्र और समझदारी को देखते हुए रास्ता भटकने की संभावना नहीं मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हर संभव सुराग खंगाले जा रहे हैं।







