Home उत्तर प्रदेश 17 वर्षीय किशोरी के अपहरण का मामला, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

17 वर्षीय किशोरी के अपहरण का मामला, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

JALAUN NEWS: थाना कोटरा क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम धुरट निवासी सुखराम पुत्र मंशाराम अहिरवार ने अपनी 17 वर्षीय पुत्री अर्चना के अपहरण का गंभीर आरोप लगाया है। सुखराम ने पुलिस अधीक्षक, जालौन को दिए शिकायती प्रार्थना पत्र में बताया कि 17 जून 2025 को जब वह मजदूरी के लिए घर से बाहर थे और उनकी पत्नी संगीता खेत पर काम करने गई थीं, तब उनकी नाबालिग पुत्री अर्चना घर पर अकेली थी। इसी दौरान गांव के ही हाकिम सिंह पुत्र कैलाश उर्फ पप्पी ने कथित तौर पर अर्चना को बहला-फुसलाकर ले गया। सुखराम के चचेरे भाई कुंजबिहारी पुत्र गंगादीन ने हाकिम को अर्चना को ले जाते हुए देखा। सुखराम ने आरोप लगाया कि अर्चना अपने साथ चार आना वजन की सोने की अंगूठी और 20,000 रुपये नकद ले गई थी, जिसका जिक्र उनकी प्रारंभिक पुलिस रिपोर्ट में शामिल नहीं किया गया। उन्होंने थाना कोटरा पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस उनकी पुत्री की तलाश में गंभीरता नहीं दिखा रही और उल्टा उनसे कागजी कार्रवाई की मांग कर परेशान कर रही है। सुखराम ने बताया कि उनकी पुत्री की आयु आधार कार्ड के अनुसार 17 वर्ष है, फिर भी पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही।प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि हाकिम सिंह के भाई मातादीन को पुलिस ने हिरासत में लिया था, लेकिन उसे छोड़ दिया गया। सुखराम ने दावा किया कि विपक्षी पक्ष उन्हें समझौता करने और जानमाल की धमकी दे रहा है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि उनकी पुत्री की तलाश कर उसे सौंपा जाए और हाकिम सिंह के खिलाफ उचित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाए। इस मामले ने स्थानीय स्तर पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। स्थानीय लोग इस मामले में त्वरित कार्रवाई और किशोरी की सुरक्षित बरामदगी की मांग कर रहे हैं।