Home उत्तर प्रदेश 16 अगस्त को होगी छठवीं जिला ताइक्वांडो प्रतियोगिता

16 अगस्त को होगी छठवीं जिला ताइक्वांडो प्रतियोगिता

FATEHPUR NEWS: ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ फतेहपुर की बैठक बुधवार को पटेल नगर स्थित नीलकंठ पैलेस में अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी 16 अगस्त को अलंकार गार्डेन, आईटीआई रोड में होने वाली छठवीं जिला ताइक्वांडो प्रतियोगिता की तैयारियों पर चर्चा की गई। प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए ताइक्वांडो खिलाड़ियों और पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने बताया कि जिला ताइक्वांडो प्रतियोगिता में जनपद के सभी ताइक्वांडो खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकते हैं। खिलाड़ियों को अपने खेल कौशल और प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में शामिल होने की अपील की। एसोसिएशन के सचिव राजकुमार ने कहा कि यह प्रतियोगिता जनपद के ताइक्वांडो खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर है। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव मिलेगा और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने बताया कि छठवीं जिला ताइक्वांडो प्रतियोगिता 16 अगस्त, रविवार को सुबह आठ बजे से अलंकार गार्डेन, आईटीआई रोड, फतेहपुर में शुरू होगी। प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों के खिलाड़ी हिस्सा लेकर अपने खेल का प्रदर्शन करेंगे। बैठक में ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ फतेहपुर के अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा, उपाध्यक्ष प्रखर शुक्ला, सचिव राजकुमार, उप सचिव भारत वर्मा, रिचा राजपूत, शिव कुमार, उत्कर्ष पटेल, तनुज बाजपेई, मनीषा राजपूत सहित ताइक्वांडो प्रतिनिधि मौजूद रहे।