तीन घंटे में ही फुंक गया नया ट्रांसफार्मर,जलनिगम का 10 केवीए ट्रांसफार्मर भी महीनों से खराब
PRAYAGRAJ NEWS: तहसील कोरांव अंतर्गत थाना खीरी क्षेत्र के तुर्कपुरवा कस्बे में विद्युत व्यवस्था चरमराने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कब्रिस्तान के समीप लगा 100 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर करीब 15 दिनों से खराब पड़ा है। इसके चलते कस्बे के बड़े हिस्से में विद्युत आपूर्ति प्रभावित है और ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, पूर्व राज्यसभा सदस्य एवं पूर्व सांसद कुंवर रेवती रमण सिंह के हस्तक्षेप के बाद पिछले शुक्रवार को विभाग द्वारा नया 100 केवीए ट्रांसफार्मर लगाया गया था, लेकिन आपूर्ति शुरू होने के महज तीन घंटे बाद ही वह दोबारा जल गया। इसके बाद से नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने का इंतजार किया जा रहा है। वहीं, तुर्कपुरवा कस्बे में जलनिगम के संचालन के लिए लगाया गया 10 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर भी कई महीनों से खराब पड़ा है। दोनों ट्रांसफार्मरों के खराब होने से बिजली के साथ-साथ पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। ग्राम पंचायत खीरी के प्रधान मोहम्मद यूसुफ ने बताया कि दोनों ट्रांसफार्मरों की शिकायत 1912 पर दर्ज करा दी गई है। उन्होंने विभाग से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है। इस संबंध में गौरा पावर हाउस के जेई अभिनय यादव ने बताया कि 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर मंगलवार शाम तक लगा दिया जाएगा। ग्रामीणों ने विभागीय उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए दोनों खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलवाकर विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।







