कांग्रेस ने सिद्धार्थनगर से अधिकतम संख्या में कार्यकर्ताओं को दिल्ली भेजने का बनाया लक्ष्य
SIDHARTHNAGAR NEWS: जिला कांग्रेस कार्यालय पर जिलाध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद की अध्यक्षता में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 14 दिसंबर को दिल्ली स्थित रामलीला मैदान में होने वाली “वोट चोर गद्दी छोड़” महा-रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई। संचालन कांग्रेस उपाध्यक्ष कृष्ण बहादुर सिंह ने किया। जिलाध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद ने कहा कि यह रैली देश के लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए निर्णायक साबित होगी। उन्होंने कहा कि सिद्धार्थनगर से अधिक से अधिक संख्या में कांग्रेसजन, कार्यकर्ता तथा समर्थक रैली में शामिल हों—यही हमारी प्राथमिकता है। बैठक में ब्लॉक व नगर स्तर पर टीमें गठित करने, परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने और कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। क़ाज़ी सुहेल अहमद ने सभी कार्यकर्ताओं से अधिकतम संख्या में दिल्ली पहुँचकर जनता की आवाज़ बुलंद करने की अपील की। बैठक में पूर्व ब्लाक प्रमुख जावेद मोकीम, देवेन्द्र कुमार गुड्डू, अकील अहमद मुन्नू, अनिल सिंह अन्नू, अशोक गुप्ता, अश्विनी सिंह सोलंकी, रियाज़ मनिहार, मैनुद्दीन प्रधान, सादिक अहमद, सुदामा प्रसाद, रितेश त्रिपाठी, रियाजउद्दीन राईनी, दिवाकर त्रिपाठी, शिव कुमार दुबे, बृजभान यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।







