नकलविहीन व पारदर्शी व्यवस्था के दिए गए निर्देश
FATEHPUR NEWS: उ0प्र0 पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड लखनऊ द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती 2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए बुधवार को महात्मा गांधी कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने की, जिसमें केंद्र प्रभारी, केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि भर्ती बोर्ड की गाइडलाइन का भली-भांति अध्ययन करते हुए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें और परीक्षा को शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों के रूट का पूर्व निर्धारण कर लें तथा कार्यदायी संस्था द्वारा सीसीटीवी कैमरे लगवाकर उनकी क्रियाशीलता की जांच सुनिश्चित कराई जाए साथ ही पुलिस भर्ती बोर्ड की गाइडलाइन के अनुसार परीक्षा से पूर्व निर्धारित तिथि पर परीक्षा का रिहर्सल भी कराया जाए और सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को निर्देश दिया कि रोडवेज, रेलवे, टैक्सी संचालकों और होटल संचालकों के साथ बैठक कर अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड और टैक्सी स्टैंड पर हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएं, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई असुविधा न हो। केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया गया कि भर्ती बोर्ड की गाइडलाइन के अनुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं तथा परीक्षा से जुड़े अधिकारी और कर्मचारियों के पहचान पत्र तैयार कराए जाएं। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों का प्रवेश निर्धारित नियमों के अनुसार कराया जाएगा तथा सघन तलाशी भी ली जाएगी। वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की लिखित परीक्षा जनपद के 7 केंद्रों पर 14 और 15 मार्च 2026 को आयोजित होगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक और दूसरी पाली अपरान्ह 3:00 बजे से 5:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों का प्रवेश परीक्षा से दो घंटे पूर्व शुरू होगा तथा परीक्षा प्रारंभ होने से 30 मिनट पहले प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दो क्लॉक रूम बनाए जाएंगे, जिनमें एक अभ्यर्थियों के सामान के लिए और दूसरा परीक्षा संपन्न कराने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों के सामान के लिए होगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी सदर, खागा, बिंदकी, अपर उपजिलाधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक, केंद्र प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







