Home उत्तर प्रदेश 121 किलो गांजा के साथ दो तस्कर चढ़े पुलिस के हत्थे

121 किलो गांजा के साथ दो तस्कर चढ़े पुलिस के हत्थे

टाटा पंच कार से हो रही थी गांजा की सप्लाई, फरार साथियों की पुलिस कर रही है तलाश
BHADOHI NEWS:  गोपीगंज थाना की पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक टाटा पंच कार में छिपाकर रखा गया 121 किलो 450 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान एएसपी शुभम अग्रवाल ने इसका खुलासा किया। इस दौरान एएसपी ने बताया कि एसपी अभिनव त्यागी के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत एवं एएसपी शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की गई। ज्ञानपुर स्टेशन रोड के पास रेलवे की खाली जमीन से समरजीत यादव पुत्र स्व.दयाराम यादव निवासी महबूबपुर, कोतवाली भदोही और प्रदीप सरोज पुत्र जज्जू सरोज निवासी राईपुर, थाना सुरेरी,  जनपद जौनपुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से तीन बोरियों में 121 किलो 450 ग्राम अवैध गांजा, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त सफेद रंग की टाटा पंच कार बरामद की गई। इस संबंध में गोपीगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट और 207 एमवी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एएसपी ने कहा कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा ओडिशा से सस्ते दामों पर खरीदकर लाए थे। इसे वाराणसी में शुभम पांडेय, अजीत सिंह और शिवम गौतम नामक पार्टियों को महंगे दामों पर बेचने की योजना थी। वे मुनाफे के पैसे से अपनी सुख-सुविधाएं पूरी करते थे। एएसपी ने बताया कि पुलिस को देखकर आरोपियों ने गाड़ी से उतरकर भागने की कोशिश की, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया। इस गिरोह के कुछ अन्य सदस्य अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।