FATEHPUR NEWS: खागा तहसील क्षेत्र के थाना सुल्तानपुर घोष अंतर्गत अल्लीपुर भादर गांव में 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन एक किसान के लिए परेशानी का कारण बन गई है। अपनी भूमिधरी जमीन पर मकान निर्माण कराने की कोशिश कर रहे किसान ने बिजली विभाग और प्रशासन से लाइन हटवाने की मांग की है। पीड़ित किसान दिनेश सिंह उर्फ कल्लू सिंह चौहान पुत्र जगपत सिंह का आरोप है कि उसकी भूमिधरी भूमि के ऊपर से वर्षों पहले एक निजी नलकूप के लिए 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन खींच दी गई थी, जिसके चलते अब मकान निर्माण में बाधा उत्पन्न हो रही है। किसान ने बताया कि करीब 15 वर्ष पूर्व गांव के अमृत लाल पुत्र सुखलाल ने उसकी सहमति के बिना उसकी जमीन के ऊपर से अपने निजी नलकूप तक विद्युत लाइन लगवा ली थी। उस समय विरोध करने पर आश्वासन दिया गया था कि भविष्य में जब वह अपनी जमीन पर मकान बनाएगा तो लाइन हटवा दी जाएगी। दिनेश सिंह का कहना है कि वर्तमान में उनका पुराना मकान जर्जर होकर गिर गया है और वह अपनी ही भूमि पर नया मकान बनवा रहे हैं, लेकिन अब संबंधित पक्ष विद्युत लाइन हटाने को तैयार नहीं है। इसके चलते निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है और परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत बिजली विभाग में करने पर विभागीय अधिकारियों की ओर से सुझाव दिया गया कि लाइन से जुड़े तीनों निजी नलकूप संचालक और मकान निर्माण कराने वाला पक्ष आपसी सहमति से खर्च वहन कर लाइन को दूसरी जगह शिफ्ट करा सकते हैं। हालांकि खर्च के बंटवारे को लेकर सहमति नहीं बन सकी, जिससे समस्या अभी भी बनी हुई है। पीड़ित किसान ने तहसील प्रशासन और बिजली विभाग से मामले की जांच कराते हुए अपनी भूमि के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन को हटवाने तथा मकान निर्माण में आ रही बाधा दूर कराने की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने भी चिंता जताते हुए कहा कि मकान निर्माण स्थल के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन कभी भी हादसे का कारण बन सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र समाधान कराने की मांग की है।







