FATEHPUR NEWS : नहर कॉलोनी में आंगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा उत्तर प्रदेश के बैनर तले सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित 10 सूत्रीय मांग पत्र जिलाधिकारी को सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष बसंती सोनकर एवं जिला उपाध्यक्ष रेहाना परवीन ने किया। इस दौरान कार्यकत्रियों ने कहा कि वे पिछले कई दशकों से महिला एवं बाल विकास विभाग की आधारशिला के रूप में पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा, टीकाकरण, मातृ-शिशु देखभाल सहित केंद्र व राज्य सरकार की अनेक योजनाओं का सफल क्रियान्वयन करती आ रही हैं, इसके बावजूद आज तक उन्हें पूर्णकालिक सरकारी कर्मचारी का दर्जा नहीं दिया गया है और न ही वैधानिक सामाजिक सुरक्षा एवं सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। जिला अध्यक्ष बसंती सोनकर ने बताया कि पूर्व में भी कई बार सरकार को ज्ञापन सौंपा गया, साथ ही 9 जनवरी और 18 जनवरी को आंदोलन की पूर्व सूचना प्रशासन को दी गई थी, लेकिन आज तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इससे आंगनबाड़ी कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। कार्यकत्रियों की प्रमुख मांगों में उन्हें पूर्णकालिक सरकारी कर्मचारी का दर्जा देते हुए वेतनमान, भविष्य निधि, पेंशन, ग्रेच्युटी, महंगाई भत्ता, चिकित्सा अवकाश सहित सभी वैधानिक लाभ प्रदान करना, सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करना, कोरोना काल से अब तक के सेवा दिवस को पेंशन व ग्रेच्युटी में जोड़ना, पदोन्नति में आयु सीमा समाप्त करना, पोषण ट्रैकर के लिए 5जी मोबाइल व डाटा भत्ता, किराए के भवनों का किराया सीधे भवन स्वामी को देना, सभी केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और निजीकरण व आउटसोर्सिंग बंद करना शामिल है। इसके साथ ही कार्यकत्रियों ने चेतावनी दी कि यदि 7 मार्च 2026 तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो 8 मार्च 2026 को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दिवस पर लखनऊ कूच किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। प्रदर्शन में संगीता द्विवेदी, विभा देवी, उषा देवी, विनोदिनी, सीमा, फूलमती, मानश्री, निर्मला देवी, गीत देवी, जावित्री देवी, शोभा, कुंती, लक्ष्मी, नीलम, सरवर जहां, शारदा देवी, कांति देवी, रेखा देवी, रंजना देवी, विमलेश, शीला, सरोज, अनुराधा गुप्ता, गया श्रीवास्तव, मिथिलेश कुमारी, अंजू देवी, रेणु, किरण, मनोरमा गौतम, गया देवी, मंजुला श्रीवास्तव, शशि काला देवी सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रही हैं।







