SIDHARTHNAGAR NEWS: आगामी त्यौहार होली एवं रमजान माह ईद-उल-फितर के मद्देनज़र जनपद में शांति व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने थाना इटवा पुलिस बल के साथ शुक्रवार को कस्बा इटवा में पैदल गश्त/रूट मार्च किया। अधिकारियों ने मुख्य बाजारों व संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। रूट मार्च के दौरान अधिकारियों ने आम जनमानस से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा त्यौहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। इस मौके पर उपजिलाधिकारी इटवा कुणाल, क्षेत्राधिकारी इटवा पवीन प्रकाश तथा प्रभारी निरीक्षक इटवा रविन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्यौहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सतत निगरानी जारी रहेगी।







