Home उत्तर प्रदेश होली के मद्देनज़र खाद्य प्रतिष्ठानों पर विशेष अभियान, 10 नमूने भरे गए

होली के मद्देनज़र खाद्य प्रतिष्ठानों पर विशेष अभियान, 10 नमूने भरे गए

FATEHPUR NEWS: जिलाधिकारी के निर्देश पर होली पर्व के अवसर पर जनपद में खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने हेतु विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को बिंदकी एवं सदर तहसील क्षेत्रों में संयुक्त टीम द्वारा छापेमारी कर विभिन्न प्रतिष्ठानों से नमूने संग्रहित किए गए। बिंदकी तहसील में नायब तहसीलदार रचना यादव एवं सदर तहसील में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित के नेतृत्व में कुल 10 विधिक नमूने जांच हेतु लिए गए। सदर क्षेत्र में जिला कारागार के पीछे स्थित शिव डेयरी से खोया का एक नमूना लिया गया। पक्का तालाब के निकट श्रेयांश ट्रेडर्स से रिफाइंड सोयाबीन ऑयल का एक नमूना भरने के साथ 178 लीटर तेल (अनुमानित मूल्य लगभग 22,428 रुपये) जब्त किया गया। मायाश्याम स्वीट हाउस, पटेल नगर से पेडा एवं खोया के एक-एक नमूने तथा मुखलाल स्वीट हाउस, जीटी रोड से पेडा और रामा स्वीट हाउस, जीटी रोड से बर्फी का नमूना संग्रहित किया गया। औंग स्थित महेश पेडा से भी पेडा का नमूना लिया गया। बिंदकी क्षेत्र में खोया मंडी स्थित राम एवं अजय कुमार से एक-एक खोया का नमूना लिया गया। नजाही बाजार, बिंदकी में संदीप गुप्ता के प्रतिष्ठान से सरसों तेल का एक नमूना भरते हुए 49 किलोग्राम तेल (अनुमानित मूल्य 7,350 रुपये) जब्त किया गया। सभी नमूनों को परीक्षण हेतु खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने सभी खाद्य कारोबारियों को निर्देशित किया कि खाद्य पदार्थ ढककर रखें, प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखें, मिलावट रहित एवं मानक गुणवत्ता वाले उत्पाद ही बेचें तथा बिना लाइसेंस के कारोबार संचालित न करें। मौके पर उपस्थित लोगों को भी खाद्य अपमिश्रण के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश चंद्र, सिद्धार्थ कुमार, देवेश कुमार मिश्र, धीरज कुमार दीक्षित एवं अनुराधा कुशवाहा उपस्थित रहीं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।