JHANSI NEWS: हिन्दू नववर्ष के पावन अवसर पर अक्षय जन सेवा समिति द्वारा नगर में भव्य रूप से ‘ॐ’ प्रतीक चिन्ह अंकित ध्वजों का वितरण किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य लोगों को सनातन संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान समिति के कार्यकर्ता विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचे और घर-घर जाकर ध्वज वितरित करते हुए नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। समिति अध्यक्ष सविता पचौरी ने इस अवसर पर कहा कि हिन्दू नववर्ष केवल एक तिथि परिवर्तन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और आस्था का प्रतीक है। ‘ॐ’ का चिन्ह सम्पूर्ण सृष्टि की ऊर्जा और सकारात्मकता का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक दौर में युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ना बेहद आवश्यक है, इसी उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने आगे कहा कि समाज में एकता, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए ऐसे आयोजन बेहद जरूरी हैं। समिति का प्रयास है कि हर घर तक सनातन संस्कृति का संदेश पहुंचे और लोग अपनी परंपराओं पर गर्व करें। कार्यक्रम के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने समिति के इस प्रयास की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया। साथ ही समिति के सदस्यों ने लोगों से अपील की कि वे इस नववर्ष को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया। इस दौरान इंजी मयंक श्रीवास्तव, मनोज पाठक, रिंकी, प्रेमलता, प्रिंयका, शिल्पी, गायत्री, पूनम, उन्नति, मंजू, अवंतिका, ईशा कुशवाहा, संजीव, तरुण, संजय, अमित, नरेंद्र, राठौर सर, देवेंद्र, सुरेंद्र आदि लोग मौजूद रहे. आभार हेमंत कुशवाहा ने व्यक्त किया.







