FATEHPUR NEWS: कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बड़ौरी टोल और चौडगरा के बीच सड़क किनारे भारी मात्रा में दवाओं का जखीरा मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोग पहुंचे और बोरी-झोले में भरकर दवाएं उठाने लगे। देखते ही देखते वहां दवाओं की लूट जैसी स्थिति बन गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। मौके पर मिली दवाएं मैनकाइंड कंपनी की बताई जा रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात ट्रक से दवाओं का यह जखीरा सड़क पर फेंका गया है। बरामद दवाओं की एक्सपायरी डेट और लॉट नंबर की पड़ताल कराई जाएगी। फिलहाल मामले की जांच पुलिस कर रही है। प्रशासन ने अपील की है कि बरामद दवाएं अगर किसी के पास हों तो उन्हें जिला खाद्य एवं औषधि प्रशासन कार्यालय में जमा कराया जाए।







