कानपुर से वाराणसी जा रहा था टैंकर, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली
KAUSHAMBI NEWS: कोखराज थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याणपुर स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। हाईवे किनारे खड़े जियो रिलायंस के डीजल टैंकर में पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर का पिछला चैंबर फट गया और उसमें भरा डीजल सड़क पर बहने लगा। बताया जा रहा है कि डीजल टैंकर कानपुर से वाराणसी की ओर जा रहा था और चालक ने कुछ देर आराम के लिए वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया था। सुबह करीब 7 बजे प्रयागराज की ओर जा रही डीसीएम अनियंत्रित होकर टैंकर से जा भिड़ी। हादसे के बाद बड़ी मात्रा में डीजल सड़क किनारे बहकर जमा होने लगा। इसे देखकर आसपास के ग्रामीणों में होड़ मच गई। लोग अपने घरों से डिब्बे, बाल्टियां और बोतलें लेकर मौके पर पहुंच गए और डीजल भरने लगे। सूचना मिलते ही कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाया। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। वहीं, हादसे के बाद डीसीएम चालक मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है।







