VARANASI NEWS: सोमवार को हरिश्चन्द्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय, वाराणसी के वाणिज्य विभाग द्वारा बी.कॉम के विद्यार्थियों के लिए “Learn to Enhance Your B.Com Degree” विषय पर एक मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम लिल्हा एजुकेशन सेंटर एवं टी.आई.एम.ई. संस्थान के सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी बी.कॉम शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न करियर विकल्पों एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विषय में जानकारी प्रदान करना था।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में सीए अंकित लिल्हा उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) पाठ्यक्रम, इसकी तैयारी, प्रक्रिया और महत्व के विषय में विस्तार से जानकारी दी।
इसके अतिरिक्त सौरभ गौतम (आईआईएम लखनऊ के पूर्व छात्र) ने विद्यार्थियों को प्रबंधन को एक महत्वपूर्ण करियर विकल्प के रूप में समझाया। उन्होंने CAT परीक्षा के बारे में जानकारी दी, जिसमें परीक्षा का महीना, सिलेबस तथा तैयारी की रणनीतियाँ शामिल थीं। साथ ही उन्होंने ब्रांड परसेप्शन की अवधारणा को भी स्पष्ट किया और बताया कि किसी संस्था या व्यक्ति की पहचान और प्रतिष्ठा समाज में किस प्रकार निर्मित होती है तथा इसका करियर और व्यवसाय में क्या महत्व है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के उप-प्राचार्य प्रो. विश्वनाथ वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन प्रो. अशोक कुमार सिंह, अध्यक्ष, वाणिज्य विभाग के मार्गदर्शन में किया गया।
इस अवसर पर अन्य प्राध्यापक एवं प्राध्यापिकाएं भी उपस्थित रहीं, जिनमें प्रो. अनिल कुमार (रसायन विभाग), डॉ. गरिमा सिंह (सहायक प्रोफेसर, वाणिज्य विभाग), डॉ. विवेकानन्द सिंह (वाणिज्य विभाग) तथा भूपेन्द्र राय (वाणिज्य विभाग) शामिल थे।







