Home उत्तर प्रदेश स्व. ब्रजनारायण गुप्त की पुण्यतिथि: गुरुजनों का सम्मान, हाईटेक संसाधनों से बच्चों...

स्व. ब्रजनारायण गुप्त की पुण्यतिथि: गुरुजनों का सम्मान, हाईटेक संसाधनों से बच्चों को मिला तोहफा

सावित्री ब्रजनारायण फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा पिपराजटामपुर में भव्य आयोजन

KUSHINAGAR NEWS: पड़रौना क्षेत्र के पिपराजटामपुर गांव में सावित्री ब्रजनारायण फाउंडेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में पीएनएम इण्टरमीडिएट कॉलेज फाजिलनगर में शिक्षक स्व. ब्रजनारायण गुप्त की आठवीं पुण्यतिथि पर गुरुजनों को सम्मानित किया गया।
सोमवार को कार्यक्रम की शुरुआत स्व. गुप्त की धर्मपत्नी सावित्री देवी ने अपने पुत्र महामहिम राज्यपाल के विशेष सचिव श्रीप्रकाश गुप्त, शिक्षक प्रवीण गुप्त तथा अन्य परिजनों संग उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की। ट्रस्ट द्वारा जूनियर हाईस्कूल पिपराजटामपुर में बच्चों के लिए एसी, साउंड सिस्टम, वाई-फाई, कैमरा, प्रोजेक्टर, छह कंप्यूटर, कुर्सी-मेज की व्यवस्था कराई गई। साथ ही सप्ताह में दो दिन लखनऊ से लाइव क्लास संचालित कराने की घोषणा भी की गई। मुख्यअतिथि राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किसान इण्टर कॉलेज धौरहरा के पूर्व प्रधानाचार्य मुन्नीलाल गुप्ता ने स्व. गुप्त को सामाजिक सरोकारों का प्रतीक बताते हुए कहा कि शिक्षा क्षेत्र में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। पूर्व प्रधानाचार्य गोरखनाथ पांडेय ने कहा कि स्व. गुप्त जी न केवल कुशल अंग्रेजी शिक्षक थे, बल्कि उनकी समयनिष्ठा प्रेरणादायक थी। पूर्व प्रवक्ता मथुरा शाही ने उन्हें एक आदर्श शिक्षक बताते हुए कहा कि वे सिर्फ पढ़ाते नहीं थे, जीवन जीने की दिशा भी दिखाते थे। आयोजक एवं महामहिम राज्यपाल के विशेष सचिव श्री गुप्त ने कहा कि गुरुजनों के आशीर्वाद से ही वे आज इस मुकाम तक पहुंचे हैं। ट्रस्ट के माध्यम से गांव के बच्चों के लिए संसाधनों की व्यवस्था कर अपने पिता को सच्ची श्रद्धांजलि दे रहे हैं। समारोह में न्यायधीश रामेश्वर शुक्ल, समाजसेवी पवन कुमार सिंह,पूर्व संगीत शिक्षक मंगल प्रसाद, शुकदेव प्रसाद त्रिपाठी महाविद्यालय भठहीं खुर्द के प्रबंधक ब्रजेश त्रिपाठी, चंद्रप्रकाश तिवारी सहित कई गणमान्य लोगों ने विचार व्यक्त किए। संचालन कवि संतोष गुप्त ‘संगम’ ने किया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षकों और अतिथियों को शाल व स्मृतिचिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक श्रवण कुमार गुप्त, डॉ. सीपी गुप्त, पूर्व प्रधानाचार्य सीपी सिंह, शिवकुमार बरनवाल, आलिम अली, श्यामसुंदर सिंह, असलम अंसारी, चंद्रभान गुप्त, रामाशीष यादव, विश्राम यादव, पारसनाथ पाठक, रामायण जायसवाल, राकेश प्रताप सिंह, मनु सिंह, राम गति, गुरुदत्त उपाध्याय, संजय गुप्त, विजय पांडेय, हेमंत पांडेय, बाबूराम वर्मा, सिपाही लाल, ग्रामप्रधान प्रतिनिधि मुन्ना गुप्त, डॉ. विरेंद्र गुप्त, डॉ. दिनेश गुप्त, सीमा गुप्ता, अनुमेहा गुप्ता, प्रतिभा गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व अभिभावक उपस्थित रहे। शिक्षक प्रवीण गुप्त ने सभी का आभार प्रकट किया।