Home उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर डीएम की चेतावनी

स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर डीएम की चेतावनी

एचपीवी वैक्सीनेशन व आयुष्मान कार्ड पर जोर
FATEHPUR NEWS:  राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति, बजट व्यय और कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बालिकाओं का एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी के साथ समन्वय बनाकर माइक्रोप्लान तैयार कर निर्धारित आयु वर्ग की बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराने को कहा। बैठक में पिछली समीक्षा के निर्देशों का पालन न होने पर डीएम ने नाराजगी जताई। 10 एनबीएसयू स्वास्थ्य केन्द्रों की स्थापना में देरी पर डीपीएम लालचंद्र गौतम को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को 31 मार्च तक एनबीएसयू स्थापित कर उसकी रिपोर्ट फोटो सहित प्रस्तुत करने को कहा गया। डीएम ने आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का शत-प्रतिशत आयुष्मान भारत योजना के तहत पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने टीबी नोटिफिकेशन लक्ष्य के अनुरूप करने, आभा आईडी रजिस्ट्रेशन में तेजी लाने तथा गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच और पंजीकरण बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। गर्भवती महिलाओं का समय से पंजीकरण, सभी आवश्यक जांचें, टीकाकरण और हाईरिस्क मामलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही बीएचएसएनडी दिवस पर सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाए और जरूरतमंदों को नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्रों पर जांच व दवा उपलब्ध कराई जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव नयन गिरी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।