AURAIYA NEWS: सीएचसी अजीतमल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन हुआ, महिलाओं के स्वास्थ्य और परिवार सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान के अंतर्गत सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में फीता काटकर विशेष कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ, इस कार्यक्रम का उद्घाटन सीएचसी अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार राय एवं ब्लॉक प्रमुख रजनीश पांडेय ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिससे परिवार और समाज दोनों मजबूत हो सकें। महिलाओं को होने वाली सामान्य बीमारियों, प्रसूति संबंधी समस्याओं तथा पोषण की कमी को चिन्हित कर उनका उपचार प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 23 सितम्बर 2025 को सीएचसी अजीतमल परिसर में एक वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञों सहित विभिन्न विभागों के डॉक्टर मौजूद रहेंगे और महिलाओं को निःशुल्क जांच, परामर्श और दवाइयां प्रदान की जाएंगी।
ब्लॉक प्रमुख रजनीश पांडेय ने कहा कि, “एक स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और समाज की नींव रख सकती है। इस तरह के अभियान ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। ग्रामीण महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना हमारी पहली प्राथमिकता होगी।” कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया। कई महिलाओं ने इसे सराहनीय कदम बताते हुए कहा कि यदि ऐसे शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाएं तो उन्हें बाहर बड़े शहरों में इलाज कराने की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। सीएचसी अधीक्षक अशोक कुमार ने आमजन से अपील की है कि 23 सितम्बर को आयोजित होने वाले स्वास्थ्य शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अभियान को सफल बनाएं। विभाग का कहना है कि इस प्रकार के प्रयास महिलाओं के साथ-साथ पूरे परिवार के स्वास्थ्य को लाभान्वित करेंगे।







