SIDHARTHNAGAR NEWS: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ (17 सितंबर – 2 अक्टूबर) और ‘8वें राष्ट्रीय पोषण माह’ (17 सितंबर – 16 अक्टूबर) का शुभारंभ मध्य प्रदेश के धार से किया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सिद्धार्थनगर के मेडिकल कॉलेज सभागार में देखा गया। इस दौरान सांसद जगदंबिका पाल, विधायक जय प्रताप सिंह, विधान परिषद सदस्य डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी और जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने जन्मदिन पर देश की माताओं और बहनों से अपील की है कि वे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर रक्तचाप, मधुमेह और कैंसर जैसी बीमारियों की मुफ्त जांच कराएं। उन्होंने ‘स्वदेशी अपनाएं’ का नारा भी दिया और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प पर जोर दिया।
विधायक जय प्रताप सिंह ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी और उनके नेतृत्व में भारत के विकास की सराहना की। उन्होंने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का जिक्र करते हुए ‘स्वदेशी अपनाने’ की अपील दोहराई। विधान परिषद सदस्य डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी ने महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान ने भी प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के बाद, अतिथियों ने मेडिकल कॉलेज परिसर में लगी हेल्थ प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान ‘गोद भराई’ की रस्म अदा की गई और टीबी मरीजों को ‘पोषण पोटली’ वितरित की गई। कार्यक्रम में स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, आयुष सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। इस अवसर पर सभी अतिथियों ने ‘एक पेड़ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया। इस कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश मोहन और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।







