प्रयागराज। अधिवक्ता न्यायालय का हिस्सा ( Part Of Court) होता है। अगर वह अस्वस्थ्य रहेगा तो न्यायालय का कार्य प्रभावित होगा। ऐसे में न्यायोचित होगा कि वकीलों का इलाज विशेष सुविधा से लैस हो। उक्त बात हाईकोर्ट बार एसोसिएशन इलाहाबाद के अध्यक्ष राकेश पाण्डे ने व्यक्त करते हुए कहा कि उच्च न्यायालय के अधिवक्ताओं का इलाज में विशेष सुविधाएं मिल सके, इसके लिए आयुक्त इलाहाबाद मण्डल से सम्पर्क किया गया है उम्मीद है कि परिणाम सार्थक होगा।
गौरतलब हो कि राकेश पांडे वरिष्ठ अधिवक्ता, अध्यक्ष हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने मण्डलायुक्त को एक पत्र के माध्यम से कहा कि स्वरूप रानी अस्पताल ,राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय है और इलाहाबाद उच्च न्यायालय में कार्यरत वकीलों, जो इस सुविधा का लाभ उठाते हैं, को इलाहाबाद के सबसे महत्वपूर्ण नागरिक समूह/वर्ग होने के नाते विशेष उपचार और चिकित्सा सुविधाएँ प्रदान की जा सकती हैं। इन सुविधाओं की आवश्यकता इसलिए भी है क्योंकि वकीलों के समय की बर्बादी या सामान्य चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से न्यायिक कार्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। अध्यक्ष होने के नाते हमें शिकायतें मिलती रहती हैं कि पर्याप्त संख्या में कमरे होने के बावजूद, वकीलों को कमरे उपलब्ध नहीं कराए जाते हैं। वकीलों को इलाज में विशेष सुविधाएं देना न्यायसंगत होगा।







