KAUSHAMBI NEWS: कड़ा धाम थाना क्षेत्र के हकीमपुर मजरा अफजलपुर सातों गांव के दो बच्चे शनिवार को स्कूल से छुट्टी के बाद घर नहीं पहुंचे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चों का पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चों को खोजकर सकुशल परिजनों को सौंप दिया। हकीमपुर मजरा अफजलपुर सातों निवासी रामसूरत सरोज के पुत्र कृष्णा 10 वर्ष और बेटी शिवानी 8 वर्ष शनिवार को पढ़ने के लिए विद्याज्ञान मंदिर स्कूल मोहम्मदपुर जीता गए थे। छुट्टी के बाद जब दोनों बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता होने लगी। परिवार के लोगों ने स्कूल और आसपास के इलाकों में बच्चों की तलाश की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने कड़ा धाम थाने की घोषियाना चौकी प्रभारी विनोद यादव को शिकायती पत्र देकर जानकारी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और क्षेत्र में बच्चों की तलाश शुरू कर दी।
जांच के दौरान पता चला कि पड़ोसी गांव गुलाम अली की चक में बच्चों के रिश्तेदार के यहां कोई कार्यक्रम चल रहा था। दोनों बच्चे डीजे की लालच में वहां पहुंच गए थे और कार्यक्रम में शामिल हो गए थे। पुलिस जब रिश्तेदार के घर पहुंची तो दोनों बच्चे वहां सुरक्षित मिले। पुलिस ने बच्चों को उनके माता-पिता को सुपुर्द करते हुए परिजनों को बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। साथ ही रिश्तेदारों को भी भविष्य में ऐसी स्थिति में परिवार को तुरंत सूचना देने की चेतावनी दी। बच्चों के सकुशल मिलने के बाद पुलिस व परिजनों ने राहत की सांस ली।







