KAUSHAMBI NEWS: प्राथमिक विद्यालय डेढ़ावल में शैक्षिक सत्र 2026-27 के तहत ‘स्कूल चलो अभियान’ के अंतर्गत जागरूकता रैली गुरुवार को आयोजित की गई। रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाते हुए ग्रामीणों को विद्यालय से जुड़ने का संदेश दिया। रैली के उपरांत विद्यालय परिसर में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक-चंदन व पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर कक्षा 5 उत्तीर्ण छात्रों के लिए विदाई समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। बच्चों को चॉकलेट व उपहार वितरित कर उनके चेहरे पर मुस्कान बिखेरी गई। कार्यक्रम के दौरान वार्षिकोत्सव भी उल्लासपूर्वक आयोजित किया गया। छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। साथ ही नए सत्र की शुरुआत को लेकर विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया। समारोह में ग्राम प्रधान अमित पाल, एआरपी पंकज सिंह, प्रधानाध्यापक अनिल कुमार, शिक्षक अरविंद कुमार, प्रवीण जी, दीपक सोनकर सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। अंत में शिक्षकों ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का नामांकन विद्यालय में अवश्य कराएं, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।







