Home उत्तर प्रदेश स्कूल चलो अभियान: तिलक-माला से हुआ स्वागत, शिक्षा के नारों से गूंजा...

स्कूल चलो अभियान: तिलक-माला से हुआ स्वागत, शिक्षा के नारों से गूंजा गांव

KAUSHAMBI NEWS: जनपद के परिषदीय विद्यालयों में नवीन शैक्षिक सत्र के शुभारंभ के साथ ही स्कूल चलो अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। बुधवार को पहले ही दिन विद्यालयों में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने मिलकर न सिर्फ नव प्रवेशी बच्चों का स्वागत किया, बल्कि गांव-गांव जाकर लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक भी किया। कड़ा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में नव प्रवेश लेने वाले बच्चों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इंचार्ज प्रधानाध्यापक रामकृष्ण साहू व विद्यालय के शिक्षकों ने बच्चों को रोली-चंदन का टीका लगाकर और माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और अभिभावकों में भी विद्यालय के प्रति सकारात्मक संदेश गया। इसके उपरांत शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने गांव की गलियों में रैली निकाली। हाथों में बैनर और तख्तियां लिए बच्चे पूरे जोश के साथ शिक्षा के महत्व को दर्शाते नारे लगा रहे थे। रैली के दौरान “सब पढ़ें, सब बढ़ें”, “हर घर का एक ही सपना, पढ़े-लिखे हर एक अपना”, “बेटी-बेटा एक समान, सबको शिक्षा, सबका मान” जैसे नारों से पूरा गांव गूंज उठा। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने, नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और शिक्षा को जीवन का आधार बनाने के लिए प्रेरित किया गया। शिक्षकों ने अभिभावकों को बताया कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है और इससे समाज का समग्र विकास संभव है। इस दौरान शिक्षिका माया सिंह, संध्या देवी पटेल व बीरेंद्र कुमार सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य सक्रिय रूप से अभियान में शामिल रहे।