अभिभावकों से अपने-अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने की अपील की गई
BHADOHI NEWS: उच्च प्राथमिक विद्यालय बनकट एवं प्राथमिक विद्यालय बनकट विकासखंड सुरियावां में मंगलवार को संयुक्त रूप से स्कूल चलो अभियान के तहत एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। जिसकी शुरुआत उच्च प्राथमिक विद्यालय बनकट के प्रधानाध्यापक गिरीशचंद्र दुबे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान प्रधानाध्यापक श्री दुबे ने संचारी रोगों के प्रति जागरूक रहते हुए स्वच्छता एवं बचाव के उपायों के बारे में भी जानकारी दी। प्रधानाध्यापक के नेतृत्व में समस्त शिक्षक रैली में शामिल हुए। जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए निकाली। इस दौरान बच्चों द्वारा “सब पढ़ें, सब बढ़ें”, “हर बच्चा स्कूल जाए” जैसे प्रेरणादायक नारे लगाए गए, जिससे पूरे क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश फैलाया गया। प्राथमिक विद्यालय बनकट के प्रधानाध्यापक डॉ.ओमप्रकाश मिश्र ने कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी शक्ति है। हर अभिभावक का यह कर्तव्य है कि वह अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करें। सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ तभी मिलेगा जब अधिक से अधिक बच्चे विद्यालय से जुड़ेंगे। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील किया कि वे अपने बच्चों का नामांकन अवश्य कराएं और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजें। इस मौके पर शिक्षक रविकांत दुबे, सहायक अध्यापिका रूपी जायसवाल, सहायक अध्यापक संतोष कुमार, प्रदीप कुमार उपाध्याय, शिक्षामित्र प्रियंका देवी, अनुदेशक सुमित कुमार प्रजापति आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।







