KAUSHAMBI NEWS: विकासखंड कड़ा के प्राथमिक विद्यालय अंदावा में बुधवार को स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डाइट मेंटर शबीह मुस्तफा की अगुवाई में प्रधानाध्यापक विद्यानिवास पांडेय के संरक्षण में हुआ। रैली में छात्र-छात्राओं ने नारों की गूंज के साथ गांव में भ्रमण कर लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान बच्चों ने बैंड बजाकर ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया। ई-रिक्शा के माध्यम से भी अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। कार्यक्रम में एसएमसी अध्यक्ष एवं अभिभावकगण भी मौजूद रहे।
रैली में शिक्षक धीरेंद्र सिंह, गंगा शर्मा, गीता केसरवानी एवं नुसरत परवीन सहित विद्यालय स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही। रैली के उपरांत विद्यालय परिसर में नवप्रवेशी बच्चों का तिलक व माल्यार्पण कर स्वागत किया गया तथा मिष्ठान्न वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। नव सत्र के प्रथम दिवस पर विद्यालय में नवप्रवेशी बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।







