Home उत्तर प्रदेश स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत नौगीरा विद्यालय में नामांकन मेला, 42 नए...

स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत नौगीरा विद्यालय में नामांकन मेला, 42 नए छात्रों का हुआ प्रवेश

KAUSHAMBI NEWS: शैक्षिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ के साथ क्षेत्र में चल रहे “स्कूल चलो अभियान” के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय नौगीरा में  नामांकन मेला, रैली, निःशुल्क पुस्तक वितरण व विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन इंचार्ज प्रधानाध्यापक विकास कुमार के नेतृत्व में किया गया।
इस दौरान विद्यालय में अब तक कुल 42 नए बच्चों का नामांकन किया जा चुका है। अभियान के तहत निकाली गई रैली में छात्र-छात्राओं ने ग्रामीणों को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने का संदेश दिया। कार्यक्रम के क्रम में शैक्षिक सत्र 2025-26 के कक्षा 8 के छात्र-छात्राओं का विदाई समारोह एवं प्रगति पत्र वितरण भी किया गया। इस अवसर पर कक्षा 8 की टॉपर कोमल त्रिपाठी सहित सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र, अंकपत्र, मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। शिक्षकों ने बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रेरित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, एसएमसी अध्यक्ष सहित विद्यालय के शिक्षक नंदलाल सिंह, कुलदीप सिंह व मृत्युंजय सिंह उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें तथा शिक्षा के महत्व को समझते हुए उनका भविष्य संवारने में सहयोग करें।