FATEHPUR NEWS: स्कूल चलो अभियान के प्रथम चरण का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वाराणसी से किया गया, जिसका सजीव प्रसारण महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में देखा एवं सुना गया। इसके पश्चात वर्ष 2026-27 के लिए स्कूल चलो अभियान एवं नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय विधायक जहानाबाद श्री राजेंद्र पटेल एवं जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम में परिषदीय विद्यालय के बच्चों ने सरस्वती वंदना एवं गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसकी उपस्थित अतिथियों ने सराहना की। इस दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों को पुस्तकें वितरित कर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। पुस्तकें पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान विधायक जहानाबाद राजेंद्र पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी सभ्य समाज का निर्माण शिक्षकों और विद्यार्थियों से होता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन कर रही है और परिषदीय विद्यालयों का कायाकल्प हुआ है। उन्होंने नामांकन अभियान को जनसहभागिता के साथ पर्व के रूप में मनाने का आह्वान किया। वहीं जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति एवं उनके बेहतर प्रदर्शन में अभिभावकों और शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने निर्देश दिए कि पिछले वर्ष के सभी बच्चों का पुनः नामांकन सुनिश्चित किया जाए तथा नए विद्यार्थियों का अधिक से अधिक नामांकन कराया जाए। साथ ही आंगनवाड़ी के बच्चों को बालवाटिका में शत-प्रतिशत नामांकित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। कार्यक्रम के अंत में कलेक्ट्रेट परिसर से बाइक रैली एवं प्रचार वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक (डीआरडीए), जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, शिक्षकगण, अभिभावक, छात्र-छात्राएं एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







