SIDHARTHNAGAR NEWS: नए शैक्षिक सत्र के शुभारंभ के साथ ही प्रदेश में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘स्कूल चलो अभियान’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी से इस महत्वाकांक्षी अभियान की शुरुआत की, जिसका सीधा प्रसारण नौगढ़ ब्लॉक स्थित प्राथमिक विद्यालय धौरीकुइयां में भी किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में बच्चों ने कार्यक्रम को देखा और सुना।विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कपिलवस्तु के विधायक श्यामधनी राही मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार एवं खंड शिक्षा अधिकारी राम कुमार सिंह भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करने तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने पर जोर दिया। इस अवसर पर विधायक श्यामधनी राही ने बच्चों को पुस्तकें वितरित कीं और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है और सरकार हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को विद्यालय अवश्य भेजें। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में उत्साहपूर्ण माहौल रहा। शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया और नए सत्र में बेहतर उपस्थिति एवं परिणाम के लिए संकल्प लिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार ने बताया कि ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत जनपद के सभी विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने, ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः स्कूल से जोड़ने तथा शैक्षिक वातावरण को बेहतर बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इस मौके पर जिला समन्वयक (सामुदायिक सहभागिता) अमित कुमार शुक्ला, प्रधानाध्यापक रमेश चंद्र, शिक्षक अनूप कुमार, वीरेंद्र चौधरी, रंजना, शिक्षा मित्र बेचन प्रसाद, बीनू पांडेय तथा रसोइया राजमती, प्रमिला, इंद्रावती सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।







