JHANSI NEWS: रंगों का पावन पर्व होली इस वर्ष नगर में सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में मनाया गया। सुबह से ही शहर के विभिन्न मोहल्लों और प्रमुख चौराहों पर लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में उत्साह देखने को मिला। नगर के विभिन्न स्थानों पर होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां लोगों ने आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ पर्व का आनंद लिया। युवाओं ने भी सुबह से अपने मित्रों के साथ जमकर गुलाल उड़ाया और ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य कर त्योहार की खुशियां मनाईं। कई सामाजिक संगठनों द्वारा भी होली मिलन समारोह आयोजित कर समाज में एकता और सद्भाव का संदेश दिया गया। वहीं दूसरी ओर, पूरे जनमानस के उल्लास के बीच पुलिस प्रशासन भी पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी पर तैनात रहा। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी नजर रही, ताकि कहीं भी कोई अप्रिय घटना न हो। प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार गश्त कर स्थिति पर नजर रखी गई। जहां एक ओर लोग अपने परिवार और मित्रों के साथ होली के रंग में रंगे नजर आए, वहीं दूसरी ओर पुलिस कर्मचारी अपने परिवार से दूर रहकर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटे रहे। उनकी सतर्कता और समर्पण के कारण ही नगर में होली का पर्व शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। प्रशासन ने भी नागरिकों से शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की थी, जिसका व्यापक असर देखने को मिला। कुल मिलाकर इस बार होली का पर्व नगर में आपसी सद्भाव, उत्साह और सुरक्षा के माहौल में संपन्न हुआ.







