Home उत्तर प्रदेश सौंराई बुजुर्ग व हिसामपुर परसखी में वार्षिक प्रगति रिपोर्ट वितरण, मेधावी छात्र...

सौंराई बुजुर्ग व हिसामपुर परसखी में वार्षिक प्रगति रिपोर्ट वितरण, मेधावी छात्र हुए सम्मानित

KAUSHAMBI NEWS: विकास खंड कड़ा क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय सौंराई बुजुर्ग में सोमवार को विभागीय निर्देशों के क्रम में वार्षिक परीक्षाफल के प्रगति रिपोर्ट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय में नामांकित 396 छात्र-छात्राओं के सापेक्ष 384 बच्चों को उनका परीक्षाफल वितरित किया गया, जिससे पूरे परिसर में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार उमराव उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को प्रगति रिपोर्ट वितरित करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। नियमित अध्ययन, अनुशासन और परिश्रम से ही विद्यार्थी अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की पढ़ाई में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर प्रत्येक कक्षा में प्रथम से पांचवें स्थान तक प्राप्त करने वाले 55 छात्रों को विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया। मेधावी विद्यार्थियों को ज्योमेट्री बॉक्स व अन्य स्टेशनरी सामग्री देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित हो सके। विद्यालय के शिक्षक अजय कुमार साहू ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जो बच्चों के भविष्य को संवारती है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और शिक्षकों के मार्गदर्शन का पालन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने अभिभावकों की भूमिका को भी बच्चों की सफलता में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। प्रधानाध्यापिका रूपा साहू ने बताया कि विद्यालय में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ मध्यान्ह भोजन व अन्य व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष गीता देवी, उपाध्यक्ष राधा देवी सहित अन्य सदस्य, अभिभावक व समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में भी प्रगति रिपोर्ट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां नामांकित 114 छात्रों के सापेक्ष 112 बच्चों को इंचार्ज प्रधानाध्यापक रामकृष्ण साहू ने परीक्षाफल प्रगति रिपोर्ट कार्ड वितरित किया। उन्होंने  बच्चों को लगन और नियमितता के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिका माया सिंह, संध्या देवी पटेल व बीरेंद्र कुमार सहित अन्य स्टाफ व अभिभावक उपस्थित रहे। दोनों विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह और जागरूकता का सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ।