Home उत्तर प्रदेश सौंरई बुजुर्ग में छात्र-छात्राओं को वितरित की गईं नई किताबें

सौंरई बुजुर्ग में छात्र-छात्राओं को वितरित की गईं नई किताबें

नए सत्र से पहले शिक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की पहल, 1 अप्रैल से शुरू होगा शिक्षण कार्य
KAUSHAMBI NEWS:  जनपद के परिषदीय विद्यालयों में वार्षिक परीक्षाएं संपन्न होने के बाद अब नए शैक्षिक सत्र की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में विकासखंड कड़ा के कंपोजिट विद्यालय सौरई बुजुर्ग में मंगलवार को पुस्तक वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार उमराव के निर्देश पर आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं को अगली कक्षा के लिए नई पुस्तकें उपलब्ध कराई गईं। विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना रहा कि नए सत्र की शुरुआत से पहले सभी विद्यार्थियों के पास आवश्यक पाठ्य सामग्री उपलब्ध हो। बताया गया कि 1 अप्रैल से नए शैक्षिक सत्र में कक्षाएं प्रारंभ होंगी, ऐसे में समय रहते पुस्तकों का वितरण बेहद जरूरी है, ताकि पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। विद्यालय के शिक्षक अजय कुमार साहू ने उपस्थित रहकर छात्र-छात्राओं को पुस्तकें वितरित कीं। उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि नई किताबों के साथ वे नए सत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि समय पर पुस्तकें मिलने से बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ता है और उनका शैक्षणिक स्तर भी सुधरता है। इस दौरान विद्यालय के अन्य शिक्षको ने भी वितरण कार्य में सहयोग किया।कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं के चेहरे पर नई किताबें पाकर खुशी साफ झलक रही थी। शिक्षकों ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों को नियमित विद्यालय भेजें और उनकी पढ़ाई में सहयोग करें। विद्यालय परिवार का कहना है कि इस तरह की पहल से शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष गीता देवी व उपाध्यक्ष राधा देवी भी उपस्थित रही।