PRATAPGARH NEWS: रामपुर संग्रामगढ़ विकासखण्ड के कंपोजिट विद्यालय रामपुर बावली में गुरूवार को विदाई समारोह एवं छात्र सम्मान समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त कंपोजिट विद्यालय पूरे रामचंद्र के शिक्षक शैलेन्द्र नाथ शुक्ल व पूरे वासी की शिक्षिका सुधा मिश्रा को अंगवस्त्रम प्रदान कर भावभीनी विदाई दी गयी। मुख्य अतिथि खण्ड शिक्षा अधिकारी रविशंकर उपाध्याय ने सेवानिवृत्त शिक्षकों के शिक्षा के क्षेत्र में दिये गये योगदान को याद किया। उन्होने कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, वह जीवन भर सामाजिक कार्यो में अपनी भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के दौरान परिषदीय विद्यालय के नौनिहालों को मेडल व प्रशस्ति पत्र वितरित किया गया। परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाली मीनाक्षी पुष्पाकर को साइकिल देकर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रधानाचार्य सुरेन्द्र नाथ शुक्ल व संचालन शिक्षक पंकज त्रिपाठी ने किया। इस मौके पर प्रधानाध्यापक आनन्द सिंह, बृजेन्द्र पाण्डेय, देवेश त्रिपाठी, रेनू सिंह, विजय आनन्द मिश्र, राधेकृष्ण तिवारी, नवीन कुमार, अजय सिंह, दिलीप तिवारी आदि मौजूद रहे।







