MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) सेम्फोर्ड स्कूल नटवा में शनिवार को वार्षिक खेलकूद दिवस बड़े उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भव्य मार्च पास्ट से हुई, जिसमें सभी हाउस के छात्रों ने अनुशासन, तालमेल और ऊर्जा का शानदार प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्य अतिथि डॉ. आदिति जैन एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. रितु सिंह द्वारा मशाल प्रज्वलन किया गया, जो खेल भावना, साहस और नई ऊर्जा का प्रतीक रहा। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को मंगलमय बना दिया। विद्यालय के निदेशक विवेक बरनवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेलकूद हमारे विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए बहुत आवश्यक है। यह उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है। इसके पश्चात नर्सरी से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया, जिनमें ताइक्वांडो, स्केटिंग, कैच द बिस्किट रेस, बैलून रेस, मेमोरी रेस, रिले रेस तथा अन्य रोचक खेल शामिल थे। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। दर्शकों द्वारा छात्रों का उत्साहवर्धन लगातार होता रहा, जिससे प्रतिभागियों का जोश और भी बढ़ गया। सभी खेल प्रतियोगिताएँ उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुईं। मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों के उत्साह और खेल कौशल की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास के लिए आवश्यक हैं, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और धैर्य का महत्वपूर्ण पाठ भी सिखाते हैं। उन्होंने विजयी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। प्रधानाध्यापिका श्वेता मेहरोत्रा खत्री ने सभी गणमान्य अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का धन्यवाद किया और खेल भावना को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर वाइस प्रिंसिपल रेखा श्रीवास्तव, कोऑर्डिनेटर मुदिता खरे, मंजरी खरे सहित विद्यालय के सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे। पूरे आयोजन का सफल संचालन विद्यालय के शिक्षकों द्वारा किया गया।खेलकूद दिवस उत्साह, उमंग और अनुशासन के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।







