चार दिवसीय श्री अंजनीसुत रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का तीसरा दिन
KUSHINAGAR NEWS: यज्ञ समिति राजापाकड़ धाम की क्रिकेट समिति के तत्वावधान में हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित चार दिवसीय श्री अंजनीसुत रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे दिन खेले गए दोनों सेमीफाइनल मुकाबले एकतरफा रहे। अरुण इलेवन बसंतपुर व डब्ल्यू इलेवन गोबरही ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने अपने मैच जीतकर फाइनल में स्थान सुरक्षित कर लिया। पहले सेमीफाइनल में अरुण इलेवन बसंतपुर ने टास जीतकर गेंदबाजी चुनी व शुरुआत से ही विरोधी टीम पर दबाव बना दिया। दीपक इलेवन बभनौली की पूरी टीम छह ओवर में पांच विकेट पर महज 26 रन ही बना सकी। जवाब में उतरी बसंतपुर की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पांचवें ओवर में ही दो विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान अरुण ने सात गेंद में 12 रन की तेज पारी खेली व गेंदबाजी में भी दो ओवर में चार रन देकर एक विकेट लिया। उनके हरफनमौला प्रदर्शन पर उन्हें मैन आफ द मैच चुना गया। दूसरे सेमीफाइनल में डब्ल्यू इलेवन गोबरही ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। तिरमासाहुन की टीम निर्धारित आठ ओवर में सभी विकेट खोकर 44 रन ही बना सकी। लक्ष्य का पीछा करते हुए डब्ल्यू इलेवन ने संयमित व सधी बल्लेबाजी के दम पर दो विकेट के नुकसान पर जीत दर्ज कर ली। कप्तान डब्ल्यू मिश्र के नेतृत्व में टीम ने बेहतरीन खेल दिखाया, उन्हें मैन आफ दी मैच चुना गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ राजू जायसवाल, दिनेश्वर यादव, आचार्य प्रमोद पाठक, मनोज पटेल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। विशाल तिवारी व राज सिंह ने अंपायरिंग व ओमकार यादव ने स्कोरिंग की। केन यूनियन के संचालक सत्यनारायण यादव, मृत्युंजय सिंह मोनू, मुकेश यादव, पप्पू यादव, ईश्वरचंद गुप्त, आयोजन समिति के अंशुमान मिश्र उर्फ साहब, रवि वर्मा, अनूप गोंड, हरेश यादव, भोलू यादव, हरिओम गुप्ता, राजन कुशवाहा, राजन यादव, विशाल यादव आदि उपस्थित रहे।







