विधायक सदर, डीएम-एसपी संग जनसैलाब ने मनाई देव दीपावली, भारत माता की आरती से गूंजा घाट
LAKHIMPUR KHERI NEWS: बुधवार की शाम शहर का सेठ घाट श्रद्धा और संस्कृति के उजास से जगमगा उठा। देव दीपावली के पावन अवसर पर हजारों दीपों की ज्योति से तट ऐसा आलोकित हुआ मानो धरती पर स्वर्ग उतर आया हो। कार्यक्रम में विधायक सदर योगेश वर्मा, जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल व पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। तत्पश्चात भारत माता की आरती हुई, जिसमें नगरवासी, जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि देव दीपावली का पर्व हमारे सांस्कृतिक वैभव और आस्था का प्रतीक है। जिस तरह आज सेठ घाट पर दीपों का सागर उमड़ा है, उसी तरह जनपद भी उजाले और समृद्धि से आलोकित हो।
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने जनपदवासियों को देव दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए जिले की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। एसपी संकल्प शर्मा ने कहा कि यह पर्व हमारे संस्कारों और एकता की पहचान है। शहर का सेठ घाट दीपों की पंक्तियों से जगमगा उठा। वातावरण में गूंजते भजनों और बहते दीपों के संग हर चेहरे पर भक्ति और उल्लास झलक उठा।







