Home इटावा सीबीएसई गर्ल्स एथलेटिक्स मीट: सैफई में दूसरे दिन छात्राओं का जोश, दमदार...

सीबीएसई गर्ल्स एथलेटिक्स मीट: सैफई में दूसरे दिन छात्राओं का जोश, दमदार प्रदर्शन

ETAWA NEWS: मेजर ध्यानचंद अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम सैफई में पैराडाइस पब्लिक स्कूल मैनपुरी के संयोजन में चल रहे सीबीएसई क्लस्टर–XIX गर्ल्स एथलेटिक्स मीट 2025 के दूसरे दिन खिलाड़ियों का जोश और उमंग देखने लायक रहा। छात्राओं ने मैदान में दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों की तालियां बटोरीं। मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनुजेश यादव ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन और आत्मविश्वास का संचार करते हैं। यह आयोजन छात्राओं को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर पैराडाइस पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. चंद्र प्रकाश पांडेय व चेयरपर्सन पुष्पलता पांडेय ने भी खिलाड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन खेल प्रतिभाओं को निखारने के साथ ही एकता और खेल भावना का प्रतीक है। प्रतियोगिताओं में अलग-अलग वर्गों में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरा। अंडर–19 वर्ग में 1500 मीटर दौड़ में देव मेमोरियल स्कूल की वंशिका अधाना, 3000 मीटर में सीएसएचपी स्कूल की लक्ष्मी, ट्रिपल जंप में निकिता सैनी और हाई जंप में शिवांगी चौधरी ने बाजी मारी। डिस्कस थ्रो में धृतिका चौहान और जैवलिन थ्रो में गिन्नी अव्वल रहीं। 100 मीटर रेस में काजल सिहाग सबसे तेज धाविका बनीं। अंडर–17 वर्ग में ट्रिपल जंप की विजेता वंशिका पुंडिर रहीं। हाई जंप में गौरी तोमर, डिस्कस थ्रो में कनक तोमर और जैवलिन थ्रो में तनु सिंह ने पहला स्थान पाया। वहीं 1500 मीटर दौड़ में अंशु ने सबसे तेज रफ्तार से फिनिश लाइन पार की। अंडर–14 वर्ग में भी छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। 100 मीटर दौड़ में आनन्या, डिस्कस थ्रो में हुशिविष और हाई जंप में आनामिका ने पहला स्थान हासिल किया। इसी वर्ग की एक अन्य 100 मीटर रेस में दिया सैनी ने बाजी मारी।
प्रतियोगिताओं के दौरान आयोजन समिति के प्रवीण पांडेय, मुकेश चतुर्वेदी, अवंत पांडेय, अमर यादव, सरिका सिंह, रंजना वर्मा और बबीता तिवारी समेत कई अन्य सदस्यों और वॉलंटियर्स ने अनुशासित और सुचारू संचालन में अहम भूमिका निभाई।