BALRAMPUR: मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पचपेड़वा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 10 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इनमें वरिष्ठ सहायक पीयूष कुमार सक्सेना, एलटी शोभित श्रीवास्तव, एक्स-रे टेक्नीशियन अर्पित सिंह, एलए रियासत अंसारी, एलटी विनोद कुमार शुक्ला, उर्मिला यादव, वैभव कुमार यादव, वार्ड ब्वॉय अल्का सिंह, बीपीएम अनीस अहमद और ओटी टेक्नीशियन अखिलेश कुमार शामिल हैं। सीएमओ ने अनुपस्थित कर्मियों का वेतन रोकने का निर्देश दिया। उन्होंने अस्पताल अधीक्षक डॉ. विजय कुमार को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा। निरीक्षण के दौरान ओपीडी में 154 मरीजों का इलाज किया गया था। अस्पताल में 15 मरीज भर्ती थे और 39 पैथोलॉजी जांच की गई थीं। चिकित्सालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति असंतोषजनक पाई गई। सीएमओ ने जनरल वार्ड, प्रसव कक्ष और हीट वेव वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने मौजूद चिकित्सकों और स्टाफ को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा और अस्पताल स्टाफ मौजूद रहे।







